नई दिल्ली. मध्य प्रदेश बोर्ड (MPBSE) की तरफ से 12वीं की परीक्षाएं एक मई से आयोजित की जानी थीं, लेकिन बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से इस परीक्षा को एक महीने तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. अब ये परीक्षाएं जून के पहले सप्ताह से आयोजित की जाएंगी. हालांकि परीक्षा ऑनलाइन होगी या ऑफलाइन इसको लेकर अभी संशय बना हुआ है. इसी को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बोर्ड के अधिकारियों की एक बैठक बुलाई है. इस बैठक में यह फैसला लिया जाएगा कि परीक्षा ऑनलाइन कराई जाए या फिर ऑफलाइन? हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक परीक्षाओं को ऑफलाइन कराने के ही संकेत मिल रहे हैं.
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में इस बार करीब 9 लाख स्टूडेंट्स शामिल होंगे. पिछले वर्ष यह आंकड़ा 8 लाख के करीब था. पिछले वर्ष 12वीं बोर्ड की परीक्षा में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया था.
कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से 2020 में परीक्षाओं को बीच में ही रोकना पड़ा था. बचे हुए विषयों की परीक्षाएं लॉकडाउन खुलने के बाद आयोजित की गई थीं. जिसकी वजह से रिजल्ट भी एक महीने देर से जारी हुआ था.

No comments:
Post a Comment