मण्डला 2 मई 2021मैं कोरोना वॉलेंटियर अभियान के तहत् ग्रामीण युवा वॉलेंटियर बनके कोरोना महामारी की रोकथाम में अभूतपूर्व योगदान दे रहे हैं। युवा एवं वॉलेंटियर्स जनजागरूकता के लिए नवाचार भी कर रहे हैं। निःशुल्क मॉस्क वितरण, दीवार लेखन, कोविड टीकाकरण के लिए प्रेरित करना इन नवाचारों में प्रमुख है। हाल ही में वॉलेंटियर्स अब अपने गांव एवं क्षेत्रों को कोरोना मुक्त बनाए रखने के लिए ग्राम नाकाबंदी का कार्य भी कर रहे हैं। इस संबंध में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी तथा विकासखंड समन्वयक घुघरी ने बताया कि विकासखंड घुघरी में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गोरेघाट के वॉलिंटियर्स के द्वारा ग्राम में ग्रामबंदी एवं नाकेबंदी कर बाहरी लोगों के प्रवेश को रोका जा रहा है। इस नाकाबंदी से अब बाहर से आने वाले स्वास्थ्य जांच के पश्चात ही गांव में प्रवेश कर रहे हैं।
गोरेगांव के वॉलेंटियर्स कोरोना जागरूकता के लिए सतत् रूप से रोड पेंटिंग, वॉल पेंटिंग, सैनिटाइजेशन एवं मॉस्क वितरण तथा सोशल डिस्टेंसिंग के माध्यम से जागरूकता प्रसारित करने का कार्य कर रहे हैं। इसी प्रकार वॉलेंटियर्स कोविड टीकाकरण में भी भरपूर आमजनों का सहयोग कर उन्हें टीकाकरण केन्द्रों तक लाने में मदद कर रहे हैं। समिति के प्रमुख सुफलदास गंगवाल समिति के सभी लोगों को सक्रिय रुप से कार्य करने प्रेरित करते हैं और टीम भावना के साथ पूरे गांव में कोविड वैक्सीनेशन के लिए लोगों को समझाईश देने का कार्य करते हैं। सुफलदास गंगवाल बताते हैं कि हम सभी समय-समय पर लोगों की जरूरतों के अनुसार उनकी मदद करते हैं। इसी प्रकार बाहर से आए मजदूरों को क्वॉरेंटाइन करना या उनके उपचार के लिए स्थानीय अमले के साथ समन्वय कर सहयोग देते हैं।

No comments:
Post a Comment