रेवांचल टाइम्स :- मंडला जिले के नैनपुर नगर में लगभग एक माह से संक्रमण के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन लगाया गया था। जिसमें गरीब, मजदूर, एवं निम्न वर्ग के परिवारों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
कुछ लोगों ने सरकार के नियमों का पालन करते हुए घर पर रहकर ही इस आफत का सामना किया।
वहीं कुछ लोगों ने अपने परिवार का जीवन यापन करने के लिए सड़कों पर सब्जियों एवं अन्य वस्तुओं के ठेले लगा कर अपने परिवार की दैनिक दिनचर्या को चलाने के लिए घातक संक्रमण के दौर में भी अपनी जान को जोखिम में डालकर व्यापार किया।
शहर के बाजार का दूसरा मुख्य मार्ग पहले से ही अतिक्रमण की चपेट में है, एवं लॉकडाउन में नगर का दूसरा सबसे व्यस्ततम मार्ग बांसुरी वादन चौक से लेकर राधा कृष्ण मंदिर तक का मार्ग अतिक्रमण की चपेट में ही नजर आया लोगों को इस मार्ग से निकलने में इस लाॅकडाउन में भी अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बता दें कि यह सड़क लगभग 60 फिट चौड़ी बनाई गई है। लेकिन नगर के व्यापारियों द्वारा इस सड़क पर अपनी दुकानों के समान रखने की वजह से यह मात्र 20 फीट होकर रह जाती है। बाजार के दिनों में इस सड़क पर चलना दुश्वार हो जाता है।
बांसुरी वादन चौक से लेकर राधा कृष्ण मंदिर चौक तक लोगों को पहुंचने में आधे घंटे का समय लग जाता है।
वाहनों के साथ साथ पैदल चलने वालों का भी बुरा हाल हो जाता है। लेकिन सड़कों पर फिर भी अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है। लॉकडाउन ने भी इस सड़क में अतिक्रमण की वजह से लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा है अब जब नगर के बाजार वापस खुलने लगें गे तो इस सड़क पर भारी अतिक्रमण देखने को मिलेगा लेकिन प्रशासन इस ओर अपना ध्यान केंद्रित नहीं कर रहा है।
इसके अलावा कई बार इस सड़क पर व्यापारियों के अतिक्रमण की वजह से घटनाएं भी घट चुकी हैं। इसके अलावा दिन में कई बार ट्रैफिक जाम हो जाता है। लेकिन इस बात की चिंता प्रशासन, नगर पालिका, एवं पुलिस विभाग को नहीं है।
स्थिति यह है कि, संबंधित विभागों के द्वारा बाजार की सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सिर्फ सरकारी कागजों तक सीमित रह गई है। जमीनी हकीकत कहीं भी दिखाई नहीं दे रही है।
गौरतलब है कि बाजार की मुख्य सड़कों पर दुकानदारों का कब्जा हो गया है। सड़क दिन प्रति दिन सकरी होती जा रही है। शहर की इस दूसरी मुख्य सड़क पर रोजाना ही यातायात जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। वहीं दुर्घटना होने की आशंका रहती है।
बुधवारी बाजार से हटाया गया था अतिक्रमण
शहर के इस दूसरे व्यस्ततम मार्ग में व्यापारी सड़क पर दुकान लगाकर फल और सब्जी का विक्रय करते हैं। इनको हटाने के लिए नगर के रेवांचल टाइम्स के पत्रकार शालू अली द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत की गई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए नैनपुर तहसीलदार नें बाजार में अतिक्रमण की मुहिम चलाकर कई दुकानों को सड़क से हटाकर, एवं व्यापारियों के द्वारा सड़क पर रखे हुए सामान को वापस दुकान के अंदर रखवाया एवं दोबारा सड़क पर अतिक्रमण न करने की नसीहत दी। लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ एक दिन हुई। उसके कुछ दिन बाद सभी दुकानें फिर से सड़क पर ही संचालित होने लगी, जो लाॅकडाउन के बाद पुनः देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत होने के बाद तहसीलदार ने बाजार में सड़क के किनारे खड़े हो रहे ठेलों को हटवाया था। उस दौरान उन्होंने शहर के लोगों से खूब वाहवाही लूटी। लेकिन कुछ रोज के बाद ठेला व्यापारियों ने तहसीलदार के निर्देश को न मानते हुए बाजार में फिर से ठेले लगना शुरू कर दिए थे, जो अभी भी बाजार खुलने के बाद देखने को मिलेंगे।
फिर से अतिक्रमण हटाने जैसी कोई भी कार्रवाई दोबारा नहीं की गई है। ऐसे में अतिक्रमणकर्ताओं के हौंसले बुलंद हैं इसके अलावा हाथ ठेला व्यापारी के कारण सड़क पर अतिक्रमण कर लेने से सड़के संकरी हो गई हैं। राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है साथ ही यातायात भी अवरुद्ध होता है। बाजार में लगे हाथ ठेलों से राहगीरों के निकलने की भी जगह नहीं बचती है।
नैनपुर रेवांचल टाइम्स से शालू अली की रिपोर्ट

No comments:
Post a Comment