जबलपुर। घमापुर थानांतर्गत सिद्ध बाबा के पास रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाक र आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त परिजन गहरी नींद में सो रहे थे और सुबह उन्होंने कमरे में अपने बेटे को मृत हालत में देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि सिद्ध बाबा गुप्ता किराना निवासी 33 वर्षीय राजेंद्र काछी ने बीती रात अपने परिजनों के साथ भोजन किया और फिर काफी देर तक बैठकर उनसे बातचीत करता रहा। थोड़ी देर बाद राजेंद्र और उसके परिजन अपने- अपने कमरों में सोने चले गए। आज सुबह निर्धारित समय पर राजेंद्र जब कमरे से बाहर नहीं आया।
राजेंद्र का भाई उसे जगाने के लिए जैसे ही कमरे में पहुंचा तो अपने भाई को फर्श पर पड़ा देख उसके होश उड़ गए। उसने अगल-बगल, ऊपर-नीचे नजर दौड़ाई तो देखा कि पंखे पर टूटा हुआ रस्सी का फंदा लटक रहा था। जिसे देखकर उसे अंदाजा लग गया कि राजेंद्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है लेकिन फंदा टूटने के कारण वह फर्श पर गिर गया।
पुलिस को परिजनों ने बताया कि राजेंद्र 33 वर्ष का हो गया था लेकिन उसे गर्वमेंट सर्विस ही करनी थी, जिसके चलते वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था लेकिन लाख प्रयासों के बावजूद भी उसका चयन नहीं हो रहा था। अपनी इस असफलता से संभवत वह डिप्रेशन में था और कुछ महीनों से ज्यादा किसी से बातचीत नहीं करता था। राजेंद्र के शिक्षक भाई ने उसे कई मर्तबा डिप्रेशन में देखकर समझाइश भी दी लेकिन बात नहीं बनी संभवत: इसी डिप्रेशन में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

No comments:
Post a Comment