रेवांचल टाइम्स : मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बड़ा मामला सामने आया है. यहाँ एक लड़की की शादी तय हो गई, इसके बाद उसने एक लड़के से आगे सम्बन्ध रखने और बात करने से इंकार कर दिया. इससे गुस्साए लड़के ने लड़की के ऊपर घर में घुसकर उसके ऊपर तेज़ाब फेंक दिया. लड़की झुलस गई. मौके पर मौजूद दो छोटी बच्चियां भी तेजाब से झुलस गईं. सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है. इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी शख्स को अरेस्ट किया है. आरोपी दो बच्चों का पिता है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिव कुमार शर्मा ने बताया कि यह हमला सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को हुआ जब पीड़ित लड़की जनेह थाना क्षेत्र के गांव में अपने घर में अपनी दो भतीजियों के बगल में सो रही थी. एएसपी ने बताया कि आरोपी उमाशंकर मांझी पीड़ित लड़की के घर पर चढ़ गया और मिट्टी की कुछ टाइलें हटा कर नीचे सो रही लड़की और दो बालिकाओं पर तेजाब फेंक दिया. एएसपी ने बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. साथ ही उन लोगों की भी तलाश की जा रही है जिन्होंने आरोपी को तेजाब बेचा था.
पुलिस ने बताया कि मांझी और पीड़िता दोस्त थे, लेकिन शादी तय होने के बाद पीड़िता ने मांझी से बात करने से इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी पिछले एक सप्ताह से पीड़िता से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था और जब वह बात नहीं कर सका तो उसने यह कदम उठाया. तेजाब के हमले में पीड़िता के साथ सो रही उसकी नौ और सात साल की दोनों भतीजी भी झुलस गईं. तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है.

No comments:
Post a Comment