रेवांचल टाईम्स–जिला पंचायत वार्ड नंबर 2 की सदस्य सरिता घनश्याम सनोडिया ने कलेक्टर को पत्र लिखा है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी चल रही है, परंतु मेरे द्वारा देखा गया एवं भ्रमण के दौरान किसानों ने भी अवगत कराया है कि धान खरीदी केंद्रों में धान को अनायास ही फेल कर दिया जाता है, धान पास हो जाए तो हमाल नहीं और हमाल है तो बोरी नहीं है। इस प्रकार की अव्यवस्थाओं का आलम फैला हुआ है।
कल ही कारीरात ओपन कैब एवं गोपालगंज के कलबोडी में अव्यवस्थाओं के विरोध में नेशनल हाइवे जाम किया गया। जिस पर पुलिस ने किसानों पर सख्ती बरतते हुए किसानों पर केस दर्ज कर जमीन और मकान बिकवा कर हर्जाना बसूल करने की धमकी दी। मेरा निवेदन है कि केस जरुर दर्ज करवाएं, किसानों पर नहीं बल्कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने के लिए जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए,तब स्थिति सुधरेगी। मेरे क्षेत्र के खरीदी केंद्रों में निम्नलिखित समस्या है -
(1)- शीलादेही, चावड़ी और कारीरात केंद्र में अभी तक लक्ष्य से 25 से 30 प्रतिशत खरीदी हुई है जबकि खरीदी चालू हुए एक माह बीत गया अब 15 दिन में 70% खरीदी करने के लिए बारदानो एवं मजदूरों की आवश्यक व्यवस्था की जाए।
(2)- गोपालगंज के कलबोडी वेयरहाउस की क्षमता 30 हजार मैट्रिक टन है और समिति को 64 हजार मैट्रिक टन खरीदी करना है। वेयरहाउस के प्रांगण में जगह की भी कमी है अतः शेष 34 हजार मैट्रिक टन माल की खरीदी गोपालगंज समिति प्रांगण में चालू की जाए।
(3)- मैसेज आने के बाद किसान माल बेचने जाता है और खरीदी केंद्र में अव्यवस्था के चलते उनके खरीदी मैसेज समाप्त हो जाते हैं और माल पोर्टल पर नहीं चढता। इस समस्या का निराकरण किया जाए।
रेवांचल टाईम्स के साथ विनोद दुबे की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment