मण्डला 24 दिसम्बर 2021
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 18 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी
जिले के भ्रमण पर हैं। सभी अधिकारी 22 से 26
दिसम्बर तक जिले की जनजाति,
सामाजिक, सांस्कृतिक, प्रशासनिक तथा भौगोलिक
परिस्थितियों का अध्ययन करने के लिए पहुँचे हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खटिया
स्थित ईको सेंटर में प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि
जनजाति बाहुल्य जिले में काम करना चुनौतीपूर्ण है। साथ ही ऐसे क्षेत्र में काम
करने के लिए संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। श्रीमती सिंह ने बताया कि जनजातीय लोग
सरल एवं सच्चे हृदय के होते हैं। शासन के अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने
तथा जनजातीय लोगों के समस्याओं के निराकरण के लिए उनका विश्वास जीतना आवश्यक होता
है। कलेक्टर ने मंडला जिले की भौगोलिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, ऐतिहासिक विशेषताओं के
बारे में बताया। उन्होंने मंडला से मिले जीवाश्म के बारे में भी विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय तेकाम, एसडीएम सुलेखा उईके, रंजीत गुप्ता एवं संबंधित उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती हर्षिका सिंह ने
प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को जिला प्रशासन द्वारा किए गए विभिन्न महत्वपूर्ण
कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हेबीटेट राईट्स का वितरण, सामुदायिक वनाधिकार पट्टा, विभागीय योजनाओं के
क्रियान्वयन के बारे में बताया। श्रीमती सिंह ने जनजातीय क्षेत्रों में कार्य के
दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों के बारे में भी बताया। उन्होंने अपने अनुभव साझा
करते हुए कोविड वैक्सीनेशन तथा कोविड प्रोटोकॉल के पालन के लिए प्रशासन द्वारा
बनाई गई रणनीति को भी साझा किया। श्रीमती सिंह ने एससी, एसटी एक्ट, कोदो-कुटकी तिहार, एक
जिला एक उत्पाद, दीदी
केफे तथा अन्य जिला प्रशासन के नवाचारों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने
जनजातीय विभाग की संरचना,
जनजातीय जिलों में शैक्षणिक योजनाएं तथा वनाधिकार से संबंधित पावरप्वाईंट
प्रेजेन्टेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
No comments:
Post a Comment