गुजरात में महामारी एक्ट का उल्लंघन करने का आरोप में दो भाईयों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अहमदाबाद पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने महामारी से संबंधित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए अपने पालतू डॉगी के जन्मदिन पर पार्टी रखी, जिसमें बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए हैं. पुलिस ने बताया कि चिराग पटेल और उसका भाई उर्वेश पटेल दोनों अहमदाबाद शहर के कृष्णानगर में रहते हैं. दोनों ने अपने पालतू डॉगी के जन्मदिन पर दिव्येश महरिया के साथ एक बड़ी सी पार्टी रखी, जिसमें करीब सात लाख रुपये खर्च किए गए.
पार्टी में बड़ी संख्या में शामिल हुए दोस्त
पुलिस के मुताबिक तीनों के पारिवारिक सदस्यों के अलावा शुक्रवार की रात बड़ी संख्या में उनके दोस्त भी इसमें शामिल हुए हैं. इसमें सोशल डिस्टेंसिंग और फेस मास्क पहनने से संबंधित कोविड-19 दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया गया. मजेदार बात है कि डॉगी के जन्मदिन पर एक पॉपुलर सिंगर ने भी पार्टी में परफॉर्म किया और केक भी काटा गया. पुलिस ने बताया कि मामले में निकोल पुलिस स्टेशन में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अलावा महामारी एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया, जिसपर चिराग पटेल, उर्वेश पटेल और दिव्येश महरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है.
गुजरात में तेजी से फैल रहा संक्रमण
मालूम हो कि गुजरात में कोरोना वायरस महामारी तेजी से फैलने लगी है. प्रदेश में एक दिन पहले ही शनिवार को पांच हजार से ज्यादा 5,396 संक्रमितों की पुष्टि हुई, जिनमें 2,281 केस अकेले अहमदाबाद शहर में मिले. नए मामलों के साथ प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 8,700 पहुंच गई है.
देश में आज 1.59 लाख से ज्यादा कोविड केस मिले
इसी बीच देश में आज रविवार 9 जनवरी को 1,59,632 नए कोरोना के मामलों की पुष्टि हुई है और इतने ही समय में 40,863 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले चौबीस घंटे में 327 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई. देश संक्रमण की दर 10.21 फीसदी है. नए मामलों के साथ एक्टिव केस की संख्या 5,90,611 है.
No comments:
Post a Comment