रेवांचल टाइम्स - राष्ट्रीय सेवा योजना की अंजनिया महाविद्यालय इकाई द्वारा विशेष शिविर का आयोजन दिनांक 20 से 26 फरवरी तक ग्राम कांसखेड़ा में किया जा रहा है। शिविर के पंचम दिवस पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक शक्ति पटेल द्वारा छात्रों को करियर के विविध अवसरों एवं जीवन कौशल शिक्षा के बारे में जानकारी दी गई। करियर के विविध अवसरों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि करियर के चुनाव में अभिरुचि और अभिक्षमता का ध्यान रखा जाना आवश्यक है। जीवन कौशल शिक्षा के विविध आयामों के बारे में उन्होंने छात्रों को बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति की सामाजिक प्रस्थिति के आधार पर उसकी भूमिका का निर्धारण किया जाता है। अतः छात्रों को जीवन में अच्छी सामाजिक प्रस्थिति बनाने के लिए प्रयत्नशील रहना चाहिए । प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक पहलुओं पर चर्चा की गई। स्वजागरूकता , समानुभूति , संवाद कौशल , समस्या समाधान , स्मरण की नेमोनिक तकनीक आदि से छात्रों को परिचित कराया गया । कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नवीन कुमार हरदहा, गरिमा छाबड़ा और शिविरार्थी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment