रेवांचल टाईम्स - मंडला दिनांक 28.07.2023 को मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश द्वारा पुलिस परिवार समागम के दौरान मैदानी पुलिस अधिकारियों / कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देने की घोषणा की गई है। मध्य प्रदेश में सोमवार से पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिलेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के बाद शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस कर व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
इसके लिए सभी जिलों में रोस्टर सिस्टम बनाया जाकर लागू करने हेतु निर्देशित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशानुसार जिले में कार्यरत मैदानी अमले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था करते हुए रोटेशन प्लान तैयार किया गया हैं। यह थानों में इस प्रकार तैयार किया गया है, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध हो। साथ ही पर्याप्त महिला पुलिस बल भी थानों में उपस्थित रहे ताकि पीड़िताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उक्त साप्ताहिक अवकाश का फायदा मंडला जिले के 16 थाना एवं हाइवे चौकी सहित 09 चौकियों में पदस्थ 550 से भी अधिक मैदानी अमले के पुलिस कर्मियों को मिलेगा।

No comments:
Post a Comment