रेवांचल टाईम्स - जबलपुर,महापौर ने निगमायुक्त को यातायात में बाधित अतिक्रमणों को हटवाने की कार्रवाई प्रारंभ कराने पत्र के माध्यम से किया आग्रह
सहायक अतिक्रमण अधिकारी को भी समक्ष में बुलाकर महापौर ने गंभीरता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने दी सख्त हिदायत
शहर के सभी लेफ्ट टर्न को अतिक्रमण मुक्त करने के साथ-साथ यातायात में बाधित सभी अतिक्रमणों को हटाने महापौर के कड़े निर्देश
अतिक्रमण न हटने की स्थिति में अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों के विरूद्ध होगी बड़ी कार्रवाई - महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’
जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ के द्वारा आज जनहित में बड़ा निर्णय लिया जाकर सहायक अतिक्रमण अधिकारी सागर बोरकर को समक्ष में बुलाकर हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि कल दिनांक 22 दिसम्बर 2023 से पूरे शहर में अभियान चलाकर चौंतरफा अवैध अतिक्रमणों एवं निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जाये। महापौर श्री अन्नू ने श्री बोरकर को यह भी निर्देशित किया कि शहर के सभी लेफ्ट टर्न को भी अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुगम बनाएॅं। यदि इस जनहित के कार्यो में कोई लापरवाही बरती गई तो अब सीधे सहायक अतिक्रमण अधिकारी एवं सभी दल प्रभारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
महापौर ने इस संबंध में आज आयुक्त जी को भी एक पत्र जारी कर आग्रह करते हुए कहा है कि निगम सीमा अंतर्गत मुख्य चौराहों, मार्गो एवं मुख्य बाजार सुरपमार्केट से गंजीपुरा, लॉर्डगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया एवं छोटे फुहारे तक अस्थाई रूप से स्थापित दुकानों के शेड, ठेले एवं टपरों से यातायात व्यवस्था खराब हो रही है इसलिए इन सभी व्यस्तम क्षेत्रों में नियमित रूप से अतिक्रमण दस्ता लगाकर अस्थाई ठेले, टपरे, शेड आदि हटवाने की कार्रवाई कराई जावे। उन्होंने पत्र के माध्यम से यह भी आग्रह कर कहा है कि शहर के सभी लेफ्ट टर्न अतिक्रमण मुक्त हों और इसके लिए अतिक्रमण दस्ता प्रतिदिन निगरानी करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करें।


No comments:
Post a Comment