ब्राम्हण समाज के प्रतिनिधियों की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
मण्डला- कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला की उपस्थिति में ब्राम्हण समाज के प्रतिनिधियों की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया कि परशुराम जयंती के अवसर पर समाज द्वारा रैली अथवा कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जायेंगे। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, महिष्मति सर्व ब्राम्हण महासभा के अध्यक्ष आकाश दीक्षित, संजय मिश्रा, सुधीर उपाध्याय एवं संजय दुबे आदि उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रभाव से आज समुचा विश्व चिंतित है। कोरोना वायरस पर नियंत्रण पाने के लिए उसकी श्रृंखला को तोड़ना ही एक मात्र उपाय है और उसकी श्रृंखला तोड़ने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नितांत आवश्यक है। उन्होंने कोरोना वायरस के संबंध में जिला स्तर पर की गई तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने कहा कि बिना लक्षण वाले संक्रमित व्यक्तियों की पहचान करना एक चुनौती है। कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग ही एक मात्र उपाय है। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे जनसामान्य को सुरक्षा के मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर ब्राम्हण समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाते हुए परशुराम जयंती पर कोई भी रैली अथवा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति से अपने-अपने घरों में ही रहते हुए पूजा आराधना करते हुए संकट के इस घड़ी में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेगा। बैठक में ब्राम्हण समाज के प्रतिनिधियों द्वारा लॉकडाऊन के दौरान जरूरतमंद लोगों को समाज द्वारा दी जा रही मदद के संबंध में जानकारी दी।

No comments:
Post a Comment