मण्डला 30 अप्रैल 2021 जिले में कोरोना संक्रमण को राकने के लिए स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा किल कोरोनावायरस अभियान दो के तहत घर-घर जाकर संदिग्ध मरीजों की स्वास्थ्य जांच का कार्य किया जा रहा है। यह सर्वे 22 अप्रैल से 7 मई तक किया जा रहा है। किल कोरोना अभियान के तहत अब कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार घर-घर स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ अब दवाई वितरण भी किया जा रहा है। सर्वे दल घर-घर जाकर स्वास्थ्य की जांच कराने के पश्चात प्रत्येक परिवार को दवाई किट भी उपलब्ध करा रहा है। साथ ही आवश्यक होने पर सैंपल एवं होम आइसोलेशन जैसी प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। इसी क्रम में सभी अनुविभागों में सर्वे दल द्वारा आमजनों को दवाई का वितरण भी प्रारंभ किया जा रहा है। किल कोरोना अभियान में जिले भर में एक साथ प्रत्येक ग्राम के लिए टीमें गठित की गई है। प्रत्येक टीम में 4-5 सदस्य है जो शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच एवं दवाई वितरण कर रहे हैं। इसमें टीम द्वारा परिवार के सदस्यों के सम्बंध में जानकारी, किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने की जानकारी, बुखार, सर्दी, खांसी सहित अन्य बीमारियों के सम्बंध में जानकारी ली जा रही है। जांच टीम में ए.एन.एम. आशा कार्यकर्ता एम.पी.डब्ल्यू. सुपरवाईजर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका टीम में शामिल है। टीम द्वारा परिवार के किसी सदस्य में कोरोना के लक्षण होने पर इसकी जानकारी तत्काल सेक्टर डॉ. या बी.एम.ओ. को देंगे, यही नहीं कोरोना संक्रमित गंभीर मरीज की पहचान पर तत्काल उसे संबंधित क्षेत्र के कोविड केयर सेंटर या जिला चिकित्सालय भेजने की व्यवस्था बनायेंगे।
चलित वाहन से हो रहा दवाई वितरण
किल कोरोना अभियान के तहत स्वास्थ्य सर्वे दल द्वारा घर-घर स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ घर-घर दवाइयों का वितरण भी किया जा रहा है। इसी क्रम में सभी अनुविभागों में चलित वाहनों के माध्यम से भी ग्रामीणों तक दवाई की किट का वितरण किया जा रहा है। अब तक कुल 668332 घरों का सर्वे किया जा चुका है।


No comments:
Post a Comment