CBSE 10th 12 Board Exams Latest Updates: देश में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द या इसे टालने की मांग जोरों पर है. देश के कई मशहूर हस्तियों ने कोरोना संकट के बीच सरकार से बोर्ड परीक्षाएं नहीं कराने का अनुरोध किया है. मालूम हो कि कोरोना के कहर को देखते हुए कई राज्यों ने अपने यहां होने वाली बोर्ड परीक्षाओं (Board Exam 2021) के शेड्यूल को बदल दिया है.
इस बीच रिपोर्ट्स के अनुसार, सीबीएसई (CBSE) की ऑफलाइन परीक्षा आयोजित करवाये जाने के फैसले पर सरकार पुनर्विचार कर सकती है. ‘Indian Express’ की रिपोर्ट्स के अनुसार, शिक्षा मंत्रालय और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के अधिकारी इस बात पर विचार-विमर्श कर रहे हैं कि अगर COVID-19 के मामले तेजी से बढ़ते रहे तो 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा को टाल दिया जाना चाहिए.
‘Indian Express’ ने शिक्षा मंत्रालय के करीबी सूत्रों के हवाले से लिखा है कि इस समय बोर्ड परीक्षा आयोजित करना ‘मुश्किल’ लगता है. हालांकि सरकार परीक्षा की तारीखों पर पुनर्विचार कर सकती है, लेकिन CBSE के अधिकारियों का मानना है कि शेड्यूल में बदलाव के बारे में संकेत देना फिलहाल जल्दबाजी होगी.
उधर, टाइम्स ऑफ इंडिया ने शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से लिखा है कि बोर्ड परीक्षाओं को रिशिड्यूलिंग किया जा सकता है, हालांकि अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है. शिक्षा मंत्रालय स्थिति की निगरानी कर रहा है और सीबीएसई के लगातार संपर्क में है. अधिकारी ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह से रद्द करने या वर्तमान में परीक्षाओं को ऑनलाइन करने की फिलहाल कोई योजना नहीं है. बता दें कि पूर्व में जारी तारीखों के अनुसार, 10वीं और 12वीं की बोर्ड 4 मई से शुरू होगी और 10 जून तक चलेगी.
मालूम हो कि स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1,61,736 नए मामले दर्ज हुए हैं. ऐसा लगातार तीसरा दिन है, जब देश में एक दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं. बीते 24 घंटों में 879 मौतें हुई हैं. इन सबके बीच ऑफलाइन आयोजित होने वाली सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं (CBSE Board Exams) को रद्द कराने की मांग तेजी से बढ़ती जा रही है. कई स्टूडेंट्स के माता-पिता कोरोना संकट के बीच होने वाली बोर्ड परीक्षा (Board Exam 2021) के आयोजन पर चिंता जता चुके हैं.

No comments:
Post a Comment