रेवांचल टाइम्स - कोविड-19 टीकाकरण के अंतर्गत 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों का 1 अप्रैल से टीकाकरण प्रारंभ किया गया है। पूर्व में 45 वर्ष से 59 वर्ष की आयु के लोगों को गंभीर बीमारी होने के चिकित्सकीय प्रमाण-पत्र की आवश्यकता होती थी, जिसे वर्तमान में समाप्त कर दिया गया है। 45 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति टीकाकरण करवा सकता है। अब शासकीय एवं निजी क्षेत्र की लगभग 170 स्वास्थ्य संस्थाओं में कोविड-19 टीकाकरण सत्र आयोजित किये जा रहे हैं। शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में टीकाकरण निःशुल्क किया जा रहा है जबकि निजी स्वास्थ्य संस्थाओं में 250 रूपए में यह वैक्सीन लगवाई जा सकती है। कोविड-19 टीकाकरण मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सिविल डिस्पेंसरी, शहरी एवं ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, संजीवनी क्लीनिक, उपस्वास्थ्य केन्द्रों एवं चिन्हित निजी चिकित्सालयों में किया जा रहा है।
ऐसे सभी व्यक्ति जो 45 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर चुके हैं वे ऑनलाईन पंजीयन करवाकर अथवा नजदीकी संस्था में जाकर टीका लगवा सकते हैं। टीकाकरण के लिए selfregistration.cowin.gov.in पर घर बैठे ही ऑनलाईन पंजीयन करवा सकते हैं। साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी ऑनलाईन पंजीकरण करवाया जा सकता है। जिसमें अपनी सुविधा अनुसार अस्पताल का चयन किया जा सकता है। कोविड-19 टीकाकरण प्रातः 9 से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले भर में टीकाकरण केन्द्र बनाकर कोविड वैक्सीनेशन किया जा रहा है। पात्र व्यक्ति उत्साह के साथ टीकाकरण केन्द्र में पहुंच रहे हैं तथा कोरोना का टीका लगवा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment