रेवांचल टाइम्स :- एक तरफ पूरा नगर इस समय भयावह संकट से गुजर रहा है लोग डरे हुए हैं, कई परिवारों नें अपने परिजनों को गवाया है। नगर में लोगों ने अपने आप को इस संकट से बचने के लिए ,और कोरोना चैन को तोड़ने के लिए, अपने घरों में कैद कर लिया है। तथा अति आवश्यक होने पर ही बाहर निकाल रहे हैं। नगर में लगातार संकट बरकरार है।
लेकिन संकट की इस घड़ी में भी शराब ठेकेदार नगर के लगभग प्रत्येक वार्ड में शराब की सप्लाई कर फुटकर व्यापारियों के द्वारा शराब बेचकर अधिक मुनाफा कमा रहा है। पिछले लॉकडाउन में भी धड़ल्ले से दोगुने दामों में शराब का व्यापार किया गया था और अधिक मुनाफा कमाया गया था एवं नगर पालिका परिषद द्वारा मंच के माध्यम से शराब ठेकेदार को कोरोना वॉरियर्स से सम्मानित किया गया था क्योंकि शायद उन्होंने प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था का ख्याल रखते हुए पूरे नगर में कोरोना संकट के समय में भी शराब की कमी नहीं होने दी।
नैनपुर में अवैध शराब का कारोबार नगर के लगभग प्रत्येक वार्ड में बेधड़क किया जा रहा है। जिसमें पुलिस और आबकारी अधिकारी की सहभागिता से इनकार नहीं किया जा सकता है। अधिकारियों के संरक्षण में अवैध शराब का कारोबार दिन प्रतिदिन फल-फूल रहा है। रसखूदाराें नेताओं का भी इन लोगों को संरक्षण प्राप्त होने से शराब ठेकेदार अवैध शराब का कारोबार पुलिस की मिलीभगत से नगर के प्रत्येक वार्ड में कर रहे हैं। सुबह से लेकर रात तक नगर और क्षेत्र में अवैध शराब की सप्लाई बेधड़क की जा रही है। एवं शराब दुकान के पीछे के दरवाजे से शराब बेची जा रही है।
नगर के लोगों ने बताया कि,
*"शराब ठेकेदारों को सत्ताधारी पार्टी के नेताओं का संरक्षण होने से पुलिस कार्रवाई करने से कतरा रही है। लोगाें का कहना है कि, इस संकट के समय जबकि स्वास्थ्य व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए एवं लोगों की मदद करनी चाहिए लेकिन वहीं जनप्रतिनिधि अवैध शराब कारोबारियों को संरक्षण दे रहे हैं।
संकट के इस समय में भी नगर में शराब दुकान से ठेकेदार के लोग गाड़ियों पर शराब की पेटी रखकर पुलिस के सामने से निकल जाते हैं और पुलिस यह नजारा आंख बंद करके देखती रहती है। और टू व्हीलर वाहनों के द्वारा शराब ठेकेदार के दो आदमी पूरे नगर में शराब की सप्लाई बेधड़क करते हैं।
नगर में वार्ड नंबर 1, वार्ड नंबर 4 उमरिया, वार्ड नंबर 7 इटका, वार्ड नंबर 8 तलाब टोला बुद्ध बिहार के बाजू में, वहीं थोड़ी दूर रेलवे इंस्टिट्यूट डिपो के बाजू में, वार्ड नंबर 9 में, वार्ड नंबर 10 में लगभग 4 से 5 जगह, वार्ड नंबर 14 में देसी, विदेशी, एवं कच्ची शराब वार्ड नंबर 15 में राधा कृष्ण मंदिर के सामने, नैनपुर से सटे निवारी ग्राम पंचायत में लगभग तीन से चार जगह में सबसे ज्यादा शराब के अवैध कारोबार किया जा रहा। शराब के अड्डों में उम्र की कोई सीमा नहीं है 18 साल से कम के युवाओं को भी शराब बेच देते हैं। ऐसे में नगर की युवा पीढ़ी नशे की आदि हो रही हैं।
नगर में अवैध शराब के कारोबार को लेकर नगर के रेवांचल टाइम्स पत्रकार "शालू अली" ने कई बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से नगर में चल रहे शराब के अवैध कार्य की शिकायत भी की, लेकिन जब शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से आबकारी अधिकारी को प्रेषित की जाती है। तो आबकारी अधिकारी खुद शिकायतकर्ता से पूछते हैं, कि आप ही बताएं किस जगह शराब बिक रही है, जैसे उन्हें कुछ पता ही नहीं। और शिकायतकर्ता द्वारा बताने पर भी केवल खानापूर्ति ही की जाती है।
जिस दिन कार्रवाई होती है, उस के दूसरे दिन से ही कारोबार पुनः प्रारंभ हो जाता है।
हैरत की बात तो यह है, कि इस संकट के समय जब पूरा नगर अपने घरों में कैद है, लोगों को अपनी जान बचाने की पड़ी है, कई परिवारों ने अपने परिजनों को खो दिया है,
ऐसी विषम परिस्थिति में भी शराब ठेकेदार नगर के लगभग प्रत्येक वार्ड में फुटकर दुकानों द्वारा शराब की बिक्री करवा रहा है। और आपदा को अवसर में बदलते हुए सभी इस समय देसी, विदेशी एवं अंग्रेजी शराब दोगुने दामों में बेचकर अधिक मुनाफा कमा रहे हैं।
लोगों के लिए यह बीमारी कहर बनकर टूटी है।
लेकिन इन कारोबारियों के लिए तो जैसे यह बीमारी वरदान साबित हो रही है।
इनके घरों कि तिजोरियों में रोजाना नोटों की संख्या बढ़ रही है।
जिसे देखकर यह इस संकट की भी परवाह नहीं कर रहे, और ना ही इन्हें लोगों की परेशानियां और मरते हुए लोगों की जलती हुई लाशें नजर आ रही है।
आज तक इन अवैध कारोबारियों के ऊपर किसी भी प्रकार की बड़ी कार्रवाई आबकारी विभाग या पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं की गई जिसकी वजह से इनके हौसले काफी बुलंद हैं।
यहां तक कि जबसे नगर पालिका परिषद ने शराब ठेकेदार को सम्मानित किया है, तो इन्होंने जैसे पूरे नगर का ठेका ले लिया और धड़ल्ले से शराब का कारोबार कर रहे हैं। नगर में हफ्ते दर हफ्ते नए-नए ठीये बनाए जाते हैं। और शराब की बिक्री को बढ़ाया जाता है। इस समय भी अधिक मात्रा में नैनपुर नगर में शराब की बिक्री हो रही है।
लेकिन शिकायत करने पर भी प्रशासन चुप्पी साधे हुए हैं,
नगर में दुकान लगा रहे सब्जी व्यापारी, ठेला वालों, के ऊपर प्रशासन सख्ती बरतता नजर तो आता है, लेकिन इन अवैध कारोबारियों पर किसी प्रकार की पुलिसिया चाबुक नहीं चलाया जाता।
ऐसा सौतेला व्यवहार आखिर क्यों सब्जी वालों का तो यह भी कहना है कि पुलिस के कर्मचारियों द्वारा हमारे ऊपर डंडे भी बरसाए जाते हैं। हमें अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में हम अपने परिवारों का पालन पोषण किस तरह करेंगे।
समय की मांग है कि इस संकट की घड़ी में इस तरह धड़ल्ले से शराब का अवैध व्यापार कर रहे ठेकेदार एवं वार्ड के फुटकर व्यापारीयो पर कोरोना नियमों की अवहेलना के लिए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, एवं नगर के लगभग प्रत्येक वार्ड में धड़ल्ले से चल रहे शराब व्यापार में प्रतिबंध लगाना चाहिए जिससे कि वार्ड का माहौल सुधर सके।
नैनपुर रेवांचल टाइम्स से शालू अली की रिपोर्ट

No comments:
Post a Comment