नई दिल्लीः इस साल कोरोना महामारी के चलते 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द हो गई थीं. इंटरनल मार्किंग के आधार पर सीबीएसई 10वीं बोर्ड के रिजल्ट घोषित करेगा. अब सीबीएसई ने रिजल्ट घोषित करने की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है. बता दें कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने ऐलान किया है कि 20 जून को 10वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा.
सीबीएसई ने नई टैबुलेशन पॉलिसी का भी किया ऐलान
छात्रों के रिजल्ट के लिए सीबीएसई ने नई टैबुलेशन पॉलिसी का भी ऐलान कर दिया है. इस पॉलिसी के तहत छात्रों के पूरे वर्ष विभिन्न परीक्षाओं जैसे यूनिट टेस्ट, अर्द्धवार्षिक परीक्षा और प्री बोर्ड परीक्षाओं के प्रदर्शन के आधार पर 80 फीसदी नंबर दिए जाएंगे. इनमें यूनिट टेस्ट के 10 नंबर, अर्द्धवार्षिक परीक्षा के 30 नंबर और प्री बोर्ड परीक्षा के 40 नंबर तय किए गए हैं. वहीं इंटरनल मार्किंग के लिए 20 फीसदी नंबर तय किए गए हैं.
सभी स्कूलों को दिए कमेटी बनाने के निर्देश
बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि मूल्यांकन में लापरवाही ना बरती जाए और ना ही पक्षपात किया जाए. यदि कोई स्कूल ऐसा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. स्कूलों को फाइनल रिजल्ट तैयार करने के लिए प्रिंसीपल की अध्यक्षता में एक आठ सदस्यीय समिति का गठन करना होगा. बोर्ड ने ये भी कहा है कि अगर किसी स्कूल ने उक्त कैटेगरी से अलग भी एग्जाम कराए हैं तो कमेटी के पास अधिकार होगा कि वह विभिन्न कैटेगरी में अपने हिसाब से वेटेज फिक्स कर सकेगी.
5 जून तक स्कूलों को जमा करना होगा रिजल्ट
बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों को 25 मई तक अपने रिजल्ट फाइनल करने होंगे और 5 जून तक इसे बोर्ड के पास जमा कराना होगा. वहीं इंटरनल मार्किंग के नतीजों को भी 11 जून तक बोर्ड के समक्ष जमा कराना होगा. जिसके आधार पर 20 जून को बोर्ड की तरफ से नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी.
जून में हो सकती है 12वीं की परीक्षाओं की घोषणा
बता दें कि कोरोना के चलते सरकार ने 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं तो रद्द कर दी थीं लेकिन 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को कुछ समय के लिए टाल दिया है. अब एक जून को सरकार कोरोना की स्थिति की समीक्षा करेगी, जिसके बाद 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की नई तारीखों का ऐलान किया जा सकता है.

No comments:
Post a Comment