जबलपुर। शहर में एक बार फिर नाली के विवाद में खून बहा। जबलपुर के गोरखपुर थाना अंतर्गत सांई नगर रामपुर में नाली विवाद में सोमवार की देर रात 28 साल के युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने घर में घुस कर वारदात को अंजाम दिया। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की पत्नी को भी घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी थोड़ी दूरी पर रहने वाले उसके रिश्तेदार के घर पहुंचे।
वहां भी 24 साल की महिला और उसके 5 साल के बेटे पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उल्लेखनीय हैं कि जबलपुर में नाली विवाद में खूनी खेल का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 12 अक्टूबर 2009 में गढ़ा के सैनिक सोसायटी में नाली विवाद को लेकर रोज-रोज के विवाद से गुस्साए सुनील सेन ने कुल्हाड़ी से 7 लोगों की हत्या कर दी थी। इसी तरह 17 मार्च 2021 को हनुमानताल में नाली में कचरा फेंकने के विवाद में सईद नाम के युवक की हत्या कर दी गई थी।
जानकारी के मुताबिक रामपुर साईंनगर निवासी पुष्पराज कुशवाहा (28) मजदूरी करता है। 18 मई को नाली के पानी बहने को लेकर उसका पड़ोसी विनय कुशवाहा से विवाद हुआ था। तब पुष्पराज और उसके पक्ष के तीन अन्य लोगों ने विनय कुशवाहा के परिवार के साथ मारपीट कर दी थी। इस मामले में गोरखपुर पुलिस ने मारपीट व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी।
बदला लेने की नीयत से विनय कुशवाहा, राजा कुशवाहा और रवि कुशवाहा के साथ सोमवार रात पौने 11 बजे पुष्पराज के घर में घुस गया। तीनों चाकू व लाठी-डंडे से लैस थे। तीनों ने पुष्पराज को चाकू से गोद डाला। बचाने पहुंची पत्नी आरती पर भी चाकू से वार कर घायल कर दिया।
इसके बाद तीनों आरोपी थोड़ी दूरी पर रहने वाले पुष्पराज के साढ़ू गोलू कुशवाहा के घर पहुंचे। तीनों ने घर में घुसकर गोलू को लाठी-डंडे से तो पत्नी रूचि कुशवाहा (24) और बेटे प्रतीक (5) पर चाकू से वार कर घायल कर दिया।
20 मिनिट तक चला खूनी खेल
बदमाशों ने दो घरों में घुसकर लगभग 20 मिनट तक खूनी खेल खेला। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग बीच-बचाव को पहुंचे तो आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को पड़ोसियों की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने पुष्पराज को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी पत्नी आरती, रिश्तेदार रूचि और उसका बेटा प्रतीक को भर्ती कर लिया गया है। उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
रात 12 बजे के लगभग गोरखपुर पुलिस को वारदात की जानकारी लगी। हत्या की खबर मिलते ही CSP गोरखपुर आलोक शर्मा, ASP साउथ गोपाल खांडेल, TI सारिका पांडे और FSL की टीम पहुंची थी। दोनों घरों में FSL की टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। मामले में रवि कुशवाहा की शिकायत पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

No comments:
Post a Comment