जबलपुर। अधारताल थानांतर्गत यशवंत नगर स्थित एक आरक्षक के सूने घर का दरवाजा तोड़कर चोरों ने धावा बोल दिया। खाली घर का फायदा उठाकर चोरों ने घर को अच्छी तरह खंगाला और अलमारी में रखी नगदी और जेवरात पार कर दिए। आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि गोहलपुर थाने में पदस्थ आरक्षक सादिक अली अधारताल यशवंत नगर में अपने परिवार के साथ रहते हैं। 13 जून को अपने किसी निजीकाम से सादिक पूरे परिवार के साथ कटंगी गए। कल दोपहर 1 बजे उनके ससुर घर के सामने से निकले और जैसे ही उन्होंने अपने दामाद के घर का ताला टूटा हुआ देखा तो उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी सादिक को दी। सादिक भी आनन-फानन में घर पहुंचे और घर के अंदर पहुंचकर अलमारी देखी तो लॉकर में रखे 90 हजार रुपए नगद और जेवरात वहां से गायब थे।
आरक्षक ने तत्काल अपने पड़ोसियों से चोरी के संबंध में जानने का प्रयास किया लेकिन किसी ने भी घर में किसी को घुसते हुए नहीं देखा था। अपने स्तर पर आरक्षक को जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने थाने पहुंचकर पूरी घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ शुरु कर दी है, ताकि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जा सके।

No comments:
Post a Comment