मण्डला 18 जून 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 21 से 30 जून तक कोविड वैक्सीनेशन के महाअभियान के संबंध में जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रतिनिधि कोविड वैक्सीनेशन के इस महाअभियान में सक्रिय होकर सहयोग दें। मीडिया प्रतिनिधि सबसे पहले स्वयं टीकाकरण अवश्य कराएं, इसके पश्चात अपने परिवारजन तथा अपने स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में व्याप्त भ्रांतियों को भी समाचार पत्रों तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजीटल मीडिया के माध्यम से प्रभावी रूप से दूर करने में सहयोग करें। कलेक्टर ने 21 से 30 जून के दौरान किए जाने वाले वैक्सीनेशन कार्य की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों के कोविड वैक्सीनेशन का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। श्रीमती सिंह ने बताया कि प्रत्येक वैक्सीनेशन केन्द्र में वैक्सीनेशन प्रेरक भी उपस्थित रहेंगे।
कलेक्टर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न व्यापारी संघ, पथ विक्रेता, कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र, आजीविका समूह तथा अधिक से अधिक वर्गों का इस महाअभियान में वैक्सीनेशन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कलस्टर स्तर से लेकर जिले स्तर तक हर क्षेत्र में वैक्सीनेशन कार्य किया जाएगा। इस दौरान वैक्सीनेशन के लिए मोबाईल टीम भी तैनात रहेगी। श्रीमती सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रेरित कर कोविड वैक्सीनेशन केन्द्र तक पहुंचाने में सहयोग दें। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने कोविड वैक्सीनेशन की जागरूकता एवं वैक्सीनेशन के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए।
पत्रकारों एवं उनके परिजनों का ज्ञानदीप स्कूल में होगा टीकाकरण
कलेक्टर ने बताया कि 21 से 30 जून के बीच पत्रकारों एवं उनके परिजनों के लिए भी वेक्सीनेशन सेशन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ज्ञानदीप स्कूल में पत्रकारों एवं उनके परिजनों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। टीकाकरण के संबंध में तारीख एवं समय की जानकारी अलग से जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से दी जाएगी। श्रीमती सिंह ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि जो भी अब तक वेक्सीनेशन नहीं कर पाए हैं वे सभी इस महाअभियान में शामिल होकर स्वयं, अपने परिवारजन तथा अपने आसपास के लोगों का टीकाकरण अवश्य कराएं।

No comments:
Post a Comment