मण्डला 27 दिसम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरण, समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी 4 जनवरी को समाधान कार्यक्रम प्रस्तावित है। समाधान कार्यक्रम से जुड़े सभी विभाग अपने प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन से जुड़े विभागों के अधिकारियों से जवाब मांगे। श्रीमती सिंह ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का प्रतिदिन निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि इस माह के अंत तक सीएम हेल्पलाईन के अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें अन्यथा वेतन रोकने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसीईओ श्री मरावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने समाधान कार्यक्रम के तहत चिन्हित विषयों का प्रभावी रूप से निराकरण नहीं करने के कारण तहसीलदार नैनपुर एवं निवास को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं अवैतनिक करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी एवं कारणों की समीक्षा करते हुए ब्यौरा तैयार करें। यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाते हुए सड़क दुर्घटनाओं को कम करने एवं जागरूक करने के लिए कार्ययोजना बनाएँ। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभागों से सेवानिवृत्त हो चुके शासकीय सेवकों का पीपीओ बनाकर तैयार रखें। आगामी सप्ताह में सभी को पीपीओ वितरण किया जाएगा।
श्रीमती सिंह ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि बड़े रपटा पुल का परीक्षण करें तथा आवश्यक होने पर सुधार करते हुए इसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह को निर्देशित किया कि जननी सुरक्षा से जुड़े सभी भुगतान करें। भुगतान में लापरवाही बरतने वाले बीएमओ का वेतन रोकें। कलेक्टर ने स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में बनाए गए शौचालय एवं अन्य निर्माण कार्यों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीओ डूडा को निर्देशित किया कि नगरीय पथ विक्रेता एवं एनएलयूएम की दैनिक समीक्षा करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। जन्म-मृत्यु के प्रमाण पत्र समय पर जारी करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि एसएचजी लिंकेज के लिए विशेष कैम्प आयोजित करें। शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कक्षा दसवी एवं बारहवी परीक्षा के आयोजन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त प्रयास करें। इस संबंध में शिक्षकों की बैठक आयोजित करें। इसी प्रकार शिक्षकों की गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषयों की कठिन अवधारणाओं के निराकरण के लिए डाईट में उपचारात्मक प्रशिक्षण आयोजित करें। उन्होंने कहा कि प्रति मंगलवार को नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित होगी। सभी जिला अधिकारी जनसुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में स्वच्छता अभियान, जल-जीवन मिशन, उपार्जन, स्वामित्व योजना, राशन आपके ग्राम योजना, पुस्तक एवं गणवेश वितरण आदि योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
किसी भी योजना का बजट लेप्स न हो
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने विभागीय बजट की समीक्षा करते हुए नियमानुसार राशि का उपयोग सुनिश्चित करें। ध्यान रहे किसी भी योजना के तहत स्वीकृत बजट लेप्स नहीं होना चाहिए। वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है अतः मासिक लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ति का प्रयास करें। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी योजना के तहत श्रमिकों के भुगतान लम्बित नहीं रहने चाहिए।
वैक्सीनेशन के लिए घर-घर सर्वे कराएँ
वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी वैक्सीनेशन कार्य को अपनी प्राथमिकता में सम्मिलित करें। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में घर-घर सर्वे कराते हुए बचे हुए लोगों का वैक्सीनेशन कराएं। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नगरीय क्षेत्र में वैक्सीनेशन के लिए अतिरिक्त दल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों से भी फीडबैक प्राप्त करें, जो लोग बच गए हैं उनका भी वैक्सीनेशन कराएं। इसी प्रकार 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नवीन मतदाताओं को चिन्हित कर उनका भी वैक्सीनेशन कराएं।
No comments:
Post a Comment