मंडला 7 जुलाई 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में शुक्रवार को सभी आरओ एवं एआरओ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों के युक्ति-युक्तिकरण के संबंध में अनुविभागवार की जा रही कार्यवाही तथा मतदान केंद्रों की तैयारियों के संबंध विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम से उनके अनुविभागों में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की विस्तार से जानकारी लेते हुए अनुविभागवार मतदान केन्द्रों की संख्या, मतदान केंद्रों के नाम परिवर्तन करने की कार्यवाही, क्षतिग्रस्त एवं जर्जर भवनों से अन्य भवन में मतदान केंद्रों की स्थापना तथा नए मतदान केंद्रों के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी एसडीएम मतदान केंद्रों के परिवर्तन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदाताओं की सहुलियत का विशेष ध्यान रखें। बैठक में उन्होंने जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा तैयार की गई पीपीटी के आधार पर निर्वाचन तैयारियों की बिंदुवार चर्चा करते हुए ज़रूरी निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों की तैयारियों तथा निर्वाचन नामावली के कार्यों को विशेष प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए।
निर्वाचन नियमों का गंभीरता से करें पालन
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी चुनावों के मद्देनज़र सभी राजस्व अधिकारी निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार किए गए नियमों, मैनुअल एवं दिशा-निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय करें। उन्होंने आगामी दिनों में प्रशासन और पुलिस के सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगामी दिनों में निर्वाचन तैयारियों के मद्देनजर मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ, मानव संसाधन, शिकायत निवारण प्रक्रिया, निर्वाचन प्रशिक्षण सहित सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों पर चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए।
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment