मण्डला 5 मई 2021
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह ने एसीईओ, ईईआरईएस, समस्त सीईओ जनपद तथा समस्त सहायक यंत्री जनपद के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों कोविड संक्रमण की परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए निर्देश प्रसारित कर दिए हैं। जारी निर्देशों के तहत् उन्होंने कहा है कि प्रत्येक पंचायत स्तर पर पंचायत स्तरीय कोविड कंट्रोल टीम का गठन किया जाए। उक्त कोविड कट्रोल टीम में संबंधित ग्राम पंचायत के प्रधान, वार्ड मेम्बर, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पटवारी, कोटवार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, ए०एन०एम०, आशा कार्यकर्ता, वनरक्षक, संबंधित थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मी, कृषि एवं सहकारिता विभाग के पंचायत स्तरीय कर्मचारी एवं पंचायत के प्रबुद्ध लोग एवं सभी राजनैतिक दल के स्थानीय जनप्रतिनिधि, जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समिति के सदस्यगण एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों को शामिल करते हुए उक्त पंचायत स्तरीय टीम का गठन जिले की सभी 486 ग्राम पंचायतों के लिए किया जाएगा। उक्त पंचायत स्तरीय समिति का गठन कल शाम तक अनिवार्यतः कर लिया जाए तथा उक्त सूची जिला पंचायत कार्यालय में संचालित कंट्रोल रूम में उपलब्ध करवाई जाए। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मण्डला तथा श्री अग्रिम कुमार (आईएएस) सहायक कलेक्टर उक्त समिति का गठन कराना सुनिश्चित कराएंगे। उक्त समिति के सदस्यों के द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत की कोविड की परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित कार्य संपादित किए जाएं। ग्राम पंचायत के प्रत्येक गांव हेतु विशेष दल का गठन किया जाए। उक्त दल के द्वारा यह गांव के सभी घरों में स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य शत प्रतिशत सुनिश्चित किया जाएगा। स्वास्थ्य जांच के उपरांत जिस घर के लोगों के स्वास्थ्य से संबंधित कोई बात संज्ञान में आती है। तत्काल उन घरों में आवश्यक दवाईयों का शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करवाना। कोविड पॉजीटिव पेशेन्ट के घरों का चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार संक्रमित व्यक्ति को कोविड केयर सेंटर में आइसोलेट कराना साथ ही परिवारजनों को क्वारेंटाइन करवाना। संकमित घर या गांव के प्रत्येक वार्ड हेतु कंटेन्मेंट बनाना तथा यह सुनिश्चित करना कि उस क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति का आवागमन न हो सके। उक्त कंटेन्मेंट क्षेत्र में आवश्यकतानुसार आवश्यक वस्तुओं की पूर्ति करवाना। यहां यह भी स्पष्ट किया जाता है कि कंटेन्मेंट क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था, आवश्यकतानुसार आवश्यक वस्तुओं का वितरण उक्त समिति के सदस्यों द्वारा किया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उक्त गांव अथवा घर अथवा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति बाहर भ्रमण न करें। उक्त पंचायत स्तरीय टीम के द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत तथा उसके पोषक सभी ग्रामों में कोरोना कर्फ्यू का कड़ाई से पालन करवाना। उक्त समिति के द्वारा बाहर से आने वाले श्रमिक तथा आमजन को किसी परिवार के साथ न मिलने दिया जाए। बाहर से आने वाले सभी श्रमिक इत्यादि को पंचायत स्तरीय क्वारेंटाइन सेंटर में रखा जाए एवं आवश्यक जांच आदि के बाद ही परिवार से मिलने दिया जाए। उक्त समिति के द्वारा अपनी-अपनी पंचायत में मॉस्क के उपयोग एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन तथा बार-बार साबुन इत्यादि से हाथ धोने के बारे में जागरूक किया जाए। उक्त पंचायत स्तरीय समिति द्वारा 18 वर्ष से अधिक उसके सभी लोगों को वैक्सीनेशन हेतु प्रोत्साहित किया जाए तथा 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों के वैक्सीनेशन कराया जाए। सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनरेगा के क्लस्टर अनुसार सब इंजीनियर, पीसीओ तथा एडीओ की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित करें तथा जनपद स्तरीय समिति के द्वारा समय-समय पर उनके क्लस्टर अंतर्गत आने वाली पंचायतों का सघन भ्रमण किया जाए तथा उस क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली सभी पंचायत स्तरीय टीम के साथ सामंजस्य स्थापित करने की अहम भूमिका निभाई जाए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा है कि सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अपने क्षेत्र के खंड चिकित्सा अधिकारी से संपर्क स्थापित करते हुए उनके क्षेत्रांतर्गत दवाईयों के वितरण हेतु आवश्यक दवाईयों का आकलन करेंगे तथा उक्त दवाईयों के सेवन हेतु पर्ची के साथ किट तैयार करवाएंगे तथा चलित औषधि वाहन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण कराना सुनिश्चित करेंगे। 5 मई 2021 की स्थिति में ग्रामीण पात्रों में एक्टिव पॉजीटिव केसेज का चिन्हांकन तथा प्रत्येक ऐसे गांव जहां पर ये एक्टिव केसेज पाए गए हैं वहां पर शत-प्रतिशत कोरोना कर्फ्यू का पालन उक्त समिति के माध्यम से कराना सुनिश्चित करेंगे। उक्त समिति यह प्रयास करे कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोराना संक्रमण की कड़ी को तोड़ा जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य से संबंधित कोई भी स्थिति पाए जाने पर तत्काल जिला पंचायत में संचालित कंट्रोल रूम को सूचित करें। जिला पंचायत में संचालित कंट्रोल रूम यह सुनिश्चित करें कि उक्त समिति का गठन किया जा चुका है तथा उक्त समिति के माध्यम से प्रभावी कार्यवाही संपादित की जा रही है।

No comments:
Post a Comment