समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 24 जुलाई 2023
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं की सघन समीक्षा करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। जिला स्तर के अधिकारी क्षेत्र का लगातार भ्रमण करें। भ्रमण को परिणाममूलक बनाएं। भ्रमण के दौरान जो भी कमियां सामने आती हैं उन्हें समय पर निराकृत करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयान्स कूमट, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, समस्त एसडीएम तथा संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों के तहत जो भी कार्य स्वीकृत किए गए हैं तथा जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनका विकास पर्व के दौरान भूमिपूजन, लोकार्पण कराएं। स्वीकृत निर्माण कार्यों को जल्द प्रारंभ करें। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समय सीमा में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूल, छात्रावास सहित शासकीय जमीनों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। भवनविहीन शालाओं के नवीन भवन निर्माण तथा जर्जर भवनों के मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करें। पेंशन तथा बैगा आहार अनुदान योजना के हितग्राहियों के ईकेवाईसी की कार्यवाही पूर्ण करें। उन्होंने अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने टीएल प्रकरण, वनाधिकार, स्कूल चलें हम, संबल, स्वरोजगार योजना एवं न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
पंजीयन के समय ही बैंक स्टेटस चैक करें
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि लाड़ली बहना योजना के तहत पंजीयन की कार्यवाही 25 जुलाई से प्रारंभ हो रही है। पात्रतानुसार महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित करें। पंजीयन के समय ही आवेदक का बैंक स्टेटस चैक करें तथा आवश्यकतानुसार आधार लिंकेज, ईकेवाईसी एवं डीबीटी की कार्यवाही पूर्ण करें। उन्हांेने आवेदकों को बैंक तक मोबीलाईज करने तथा बैंक की कार्यवाही में दस्तावेजीकरण एवं अन्य कार्यवाही में सहयोग करने के लिए पृथक-पृथक कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।
दस्तक अभियान के तहत गंभीरता से करें स्क्रीनिंग
बैठक में कलेक्टर ने दस्तक अभियान की विस्तार से समीक्षा की। उन्हांेने निर्देशित किया कि 0 से 5 वर्ष के प्रत्येक बच्चे की स्क्रीनिंग पूरी गंभीरता से करें। डायरिया, एनीमिया के साथ-साथ अन्य अनुवांशिक बीमारियों की पहचान भी करें। उन्हांेने कहा कि सभी बच्चों का डिजीटाईजेशन करें। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के दौरान दस्तक अभियान का फीडबैक लेने के निर्देश दिए।
स्वच्छता पर ध्यान दें पंचायतें
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्वच्छता पर ध्यान देना संबंधित पंचायतों की जिम्मेदारी है। सीईओ जनपद इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि नाडेप यूनिट की सफाई कराएं। मच्छर नियंत्रण हेतु दवाईयों का छिड़काव कराएं। जल स्त्रोतों पर ब्लीचिंग डालें। कहीं भी पानी एकत्र न होने दें। इस संबंध में उन्होंने जन जागरूकता की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को मिले प्रशस्ति पत्र
सीएम हेल्पलाईन पोर्टल में माह जून 2023 में प्राप्त शिकायतों के बेहतर निराकरण करने वाले अधिकारियों को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिन अधिकारियों का सम्मान किया गया उनमें सीएमओ निवास मयूर वाहने, आपूर्ति अधिकारी मनोज पुराविया, सीईओ बिछिया अर्थ जैन (आईएएस), ईईएमपीईबी शरद बिसेन, एलडीएम सुजय कुमार, खनिज अधिकारी राहुल सांडिल्य, ईई जल संसाधन धनंजय कुशराम, योजना अधिकारी सीडी चौरे, ईईपीएचई मनोज भास्कर, सहायक आयुक्त सहकारिता केके शिव, एसडीएम निवास क्षमा सराफ, एसडीएम घुघरी सोनल सिडाम, डीडी विटनरी उग्रसेन तिवारी एवं लोक सेवा प्रबंधक कविता गुप्ता शामिल हैं।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment